मुंबई । बाजार विश्लेषकों ने मोटे तौर पर एक्सिस बैंक के शेयरों पर अपना सकारात्मक दृष्टिकोण रखा है। इसका कारण बैंक का मार्च 2025 तिमाही के स्थिर नतीजे हैं। उनका मानना है कि एक्सिस बैंक का शेयर सस्ते भाव पर मिल रहा है, जिससे यह शेयर टिकाऊ धन सृजन के लिए आकर्षक खरीद है।
निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक को चौथी तिमाही दौरान 7,118 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। यह बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले थोड़ा कम है। बैंक की शुद्ध ब्याज आय इस दौरान सालाना आधार पर 5.5 फीसदी की बढ़त के साथ 13,810 करोड़ रुपये रही, जबकि शुद्ध ब्याज मार्जिन क्रमिक रूप से 4 आधार अंकों में सुधार के साथ 3.97 फीसदी रहा। एक्सिस बैंक के कुल अग्रिमों में चौथी तिमाही के दौरान करीब 8 फीसदी की सालाना वृद्धि हुई जो 31 मार्च 2025 के अंत में 10.41 लाख करोड़ रुपये थी। कुल जमा राशि करीब 10 फीसदी सालाना वृद्धि के साथ 11.73 लाख करोड़ रुपये रही। कुल जमा में एक्सिस बैंक की चालू खाता-बचत खाता (सीएएसए) जमा बढ़कर 41 फीसदी हो गई, जो बीते वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 39 फीसदी थी।
परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर मौसमी रूप से कम कृषि एनपीए और कार्ड पोर्टफोलियो में कुछ दबाव घटने के कारण फंसा कर्ज सकल आधार पर तिमाही में घटकर 4,800 करोड़ रुपये या कर्ज का 2 फीसदी रह गया। इसके साथ ही स्वस्थ रिकवरी/अपग्रेड के कारण सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात में तिमाही आधार पर 18 आधार अंकों की गिरावट आई और यह दशक के सबसे निचले स्तर 1.3 फीसदी पर आ गया।


