नई दिल्ली । पिछला सप्ताह टेस्ट क्रिकेट से भरपूर रहा, जिसमें तीन शृंखलाएं संपन्न हुईं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी, दक्षिण अफ्रीका की पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट शृंखला और जिम्बाब्वे की अफगानिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट शृंखला शामिल हैं। तीनों शृंखलाओं के आखिरी मैच में दमदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को पुरुष खिलाड़ियों की ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पुरुष टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पर बने हुए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने 29 स्थान की लंबी छलांग लगाकर टॉप 10 में जगह बना ली है। बुमराह ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 32 विकेट झटके थे। वे 908 रेटिंग अंक के साथ नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज बने हुए हैं। बुमराह के अलावा अनुभवी स्पिनर रवींद्र जडेजा टॉप 10 में रहने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं। जडेजा 745 रेटिंग अंक के साथ 9वें स्थान पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने भारत के खिलाफ सिडनी टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था। बोलैंड ने सिडनी टेस्ट में 86 रन देकर कुल 10 विकेट झटके थे। उनके प्रयासों ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को फिर से हासिल करने के लिए ऑस्ट्रेलिया का एक दशक का लंबा इंतजार खत्म हुआ। यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से अपने नाम की। बोलैंड आखिरी मैच में मैन ऑफ द मैच रहे थे। अब बोलैंड ने आईसीसी पुरुष टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में 29 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए पहली बार आईसीसी पुरुष टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाई है। वे 745 रेटिंग अंक के साथ जडेजा के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर हैं।
इनके अलावा एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस हैं। कमिंस के 841 रेटिंग अंक हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगीसो रबाडा भी एक स्थान का फायदा लेते हुए 837 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं। रबाडा ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी टेस्ट में कुल 6 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को दो स्थान का नुकसान हुआ है वे 835 रेटिंग अंक के साथ चौथी रैंक पर आ गए हैं।


