नई दिल्ली । देश की राजधानी में एक 5 साल के बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को पकड़ा है, उनकी उम्र महज 9 से 11 साल की है। पुलिस ने पूछ-ताछ की तो मालूम चला कि इन बच्चों को हत्या करने का आइडिया टीवी पर चलने वाले क्राइम शो को देखने के बाद आया था। दरअसल शो में दिखाया गया था कि मदरसे में छुट्टी के लिए एक बच्चे की हत्या की जाती है। टीवी पर यह शो देखने के बाद उन बच्चों ने हत्या को अंजाम दे दिया। इस तरह के टीवी शो और फूहड़ फिल्में अब बच्चों व किशोरवय युवाओं को रास्ते से भटकाने और अपराधी बनाने का काम कर रही हैं।
जानकारी अनुसार दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र के तालीम उल कुरान नामक मदरसे में पढ़ने वाले 5 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस हत्या के मामले में एक 9 साल के बच्चे समेत 11 साल के दो बच्चों को पकड़ा है। आरोपी बच्चों ने पुलिस को बताया कि मृतक बच्चा गालियां देता था, इस कारण उन्होंने मिल कर हत्या कर दी। पूछ-ताछ में इस बात का खुलासा भी हुआ कि हत्या का आईडिया उन्हें टीवी पर चलने वाले क्राइम शो को देखने के बाद आया। इसे लेकर लोगों ने इस तरह के टीवी सीरिल्स और फूहड़ फिल्मों पर रोक लगाने की भी मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मोबाईल पर इस तरह की सामग्री उपलब्ध होने के कारण बच्चों के दिमाग में गलत असर पड़ रहा है और वो क्राइम की दुनियां में लगातार प्रवेश कर रहे हैं। सभ्रांत समाज के लिए यह एक समस्या के तौर पर सामने आ रही है।






