जमशेदपुर । अजगर सांप दिखाकर पैसे मांगकर अपना और परिवार का भरण पोषण करने वाले हेमंत सिंह ने सोचा नहीं था यह अजगर ही एक दिन उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा। पटमदा के रपचा गांव निवासी हेमंत सिंह शहर के डिमना रोड में हीरा होटल के पास गुरुवार को गले में अजगर लपेटकर लोगों से पैसे इकट्ठा रहा था। इस दौरान अजगर ने उसका गला अपने मुंह में दबा लिया जिससे उसका दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। हेमंत का शरीर जब तक ठंडा नहीं हो गया जब तक अजगर ने उसे नहीं छोड़ा।
अजगर के हेमंत को छोड़ने के बाद स्थानीय लोग हेमंत को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि 52 साल के हेमंत सिंह हमेशा गांव से सांप पकड़कर लाते थे और लोगों को दिखाकर पैसे मांगकर अपनी जीविका चलाते थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह हेमंत जब अजगर को लेकर डिमना रोड पहुंचा। तो अजगर को उसने गले में लपेट लिया। वह लोगों को अजगर दिखा ही रहा था कि अजगर ने उसके गले पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वह सड़क पर तड़पने लगा। वहां मौजूद लोग उसे छुड़ाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। कुछ ही देर बाद हेमंत की मौत हो गई। हेमंत का शव सड़क पर गिरने के बाद अजगर भागकर छिपने की जगह खोजने लगा था। इससे स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बीजेपी नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल सपेरे को बुलाकर अजगर को पकड़वाया, जिसे वन विभाग को सौंप दिया गया है। लोगों ने बताया कि चार दिन पहले भी वह एक सांप लेकर हाइवे पर घूमता दिखा था।






