श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में गुरुवार को घुसपैठिए विरोधी अभियान में सेना ने तीन आतंकवादी मार गिराए हैं। एक आतंकवादी को तंगधार, जबकि अन्य दो को मच्छल जिले में ढेर किए जाने की संभावना है। अब तक इन आतंकियों के शव बरामद नहीं हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा में सेना और पुलिस ने मिलकर घुसपैठ विरोधी अभियान चला रही है। यह अभियान 28-29 अगस्त की दरमियानी रात को टंगधार इलाके में शुरू किया गया था। भारतीय सेना को खुफिया जानकारी मिली थी कि आतंकवादी घुसपैठ करने की कोशिश में हैं। घुसपैठ की आशंकाओं के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर घुसपैठ विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 28 अगस्त को रात 9:30 बजे गांव खेरी मोहरा लाठी और दंथल इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा, कि तलाशी अभियान के दौरान 28 अगस्त को रात करीब 11:45 बजे आतंकवादियों के साथ संपर्क स्थापित हुआ और खेरी मोहरा इलाके के पास आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई। इससे पहले बुधवार को सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार ने 16 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा के साथ सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम इलाकों का दौरा किया और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्हें इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों के बीच तालमेल और अभियान संबंधी तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। सेना कमांडर ने फॉर्मेशन की सहायक इकाइयों का भी दौरा किया और सभी रैंकों को व्यापक अभियान संबंधी तत्परता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।






