नई दिल्ली । स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एप्पल ने क्लीनमैक्स के साथ मिलकर भारत में विभिन्न ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का रणनीतिक सह-निवेश किया है। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य देश के वाणिज्यिक एवं औद्योगिक (सीएंडआई) खंड की बढ़ती स्वच्छ ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करना और कार्बन उत्सर्जन को तेजी से कम करना है। क्लीनमैक्स द्वारा गुरुवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार यह समझौता भारत के सीएंडआई क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों को तैनात करने के लिए तैयार किया गया है।
इसका लक्ष्य कॉरपोरेट जगत में स्वच्छ ऊर्जा बदलाव को बढ़ावा देना, कम कार्बन उत्सर्जन वाले बुनियादी ढांचे का समर्थन करना और एप्पल के व्यापक कार्बन तटस्थता लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करना है। क्लीनमैक्स के एक अधिवकारी ने कहा कि हम एप्पल के साथ अपनी साझेदारी का एक बार फिर विस्तार कर रहे हैं। क्लीनमैक्स में हम खुद को कॉरपोरेट जगत में शुद्ध शून्य लक्ष्य हासिल करने में दीर्घकालिक भागीदार के रूप में देखते हैं। यह साझेदारी भारत, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में सीएंडआई क्षेत्र को नवीकरणीय ऊर्जा प्रदान करने में क्लीनमैक्स की विशेषज्ञता को भी दर्शाती है। यह निवेश स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और देश के हरित भविष्य को गति देने की दोनों कंपनियों की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


