मुंबई । त्योहारी सीजन में हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी आम बात है, लेकिन इस बार यात्रियों को राहत मिलने की संभावना है। दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों के दौरान यात्रा की मांग काफी बढ़ जाती है, जिससे टिकटों की कीमतें आसमान छूने लगती हैं। हालांकि, इस बार नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरलाइन कंपनियों के साथ बैठक कर यह तय किया है कि प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी। इसका मकसद यात्रियों को सामान्य दरों पर टिकट उपलब्ध कराना है और अनावश्यक किराया बढ़ोतरी को रोकना है। डीजीसीए ने कहा है कि अक्टूबर से दिसंबर के बीच उड़ानों और किराए पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। एक एविएशन एनालिटिक्स फर्म के अनुसार अक्टूबर में भारतीय एयरलाइंस 22,945 घरेलू उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.1 फीसदी कम हैं। इसके बावजूद डीजीसीए को भरोसा है कि अतिरिक्त उड़ानों और निगरानी के चलते इस बार यात्रियों को महंगे टिकटों से राहत मिलेगी और वे अपने परिवार के साथ त्योहारों में आसानी से यात्रा कर सकेंगे।


