सांसद नथवाणी के सवाल पर नागरिक विमानन मंत्री ने दिया जवाब
रांची । केंद्र सरकार नागरिक विमानन मंत्रालय क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत झारखंड के छह शहरों में एयरपोर्ट का निर्माण करेगा।बोकारो, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर और डालटनगंज में हवाई सेवा का विस्तार होगा। राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी के सवाल के जवाब में नागरिक विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने राज्यसभा में यह जानकारी दी। श्री नाथवाणी केंद्र सरकार से जानना चाहते थे कि झारखंड में हवाई सेवा के विस्तार को लेकर केंद्र सरकार ने क्या योजना बनायी है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जमशेदपुर और देवघर हवाई अड्डा पहले से परिचालनरत हैं।
वहीं बोकारो और दुमका में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।मंत्री ने बताया कि हजारीबाग और डालटनगंज के लिए राज्य सरकार ने भूमि उपलब्ध नहीं करायी है। झारखंड में एयरपोर्ट के आधारभूत विकास के लिए 122.04 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है।अब तक 117.61 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।देश भर में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए, सरकार ने उड़ान योजना शुरू की है। पुरानी योजना में संशोधित करते हुए अगले 10 वर्षों में 120 नये गंतव्यों को जोडऩे और चार करोड़ यात्रियों की यात्रा सुविधा प्रदान करने की कार्य योजना तैयार की गयी है।इस योजना के तहत पर्वतीय और पूर्वोत्तर क्षेत्र के जिलों में हेलीपैड और छोटे हवाई अड्डों के विकास के लिए भी काम होगा।


