सुसाइड नोट में लिखा- उनका हाथ मेरे हाथ में रखकर अंतिम विदाई देना
नई दिल्ली । आगरा में लेफ्टिनेंट पति की आत्महत्या के बाद उनकी कैप्टन पत्नी ने भी दिल्ली में खुदकुशी कर ली। जानकारी के मुताबिक राजस्थान के झुंझुनू की रहने वाली रेनू ने आर्मी कैंट के गेस्ट हाउस में विगत दिवस पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी। वह उसी दिन अपनी मां कौशल्या और भाई सुमित के साथ गेस्ट हाउस पहुंची थीं। उनकी मां को ब्रेन ट्यूमर है। इलाज के लिए उनका भाई मां को अस्पताल लेकर गया था। शाम को अटेंडेंट ने देखा तो रेनू पंखे पर लटकी हुई थी।
पुलिस को कमरे में एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिस पर लिखा था मेरा अंतिम संस्कार पति के साथ किया जाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बता दें कि 14–15 अक्टूबर की रात पति ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद 15 तारीख को रेनू ने पंखे से लटक कर जान दे दी और कमरे में एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें लिखा- उनका हाथ मेरे हाथ में रखकर अंतिम विदाई हो। पुलिस के मुताबिक 2022 में दोनों की लव मैरिज की थी। बिहार के रहने वाले दीनदयाल दीप आगरा के वायु सेना स्टेशन में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात थे। दीनदयाल दीप और रेनू तंवर की आत्महत्या की सूचना से दोनों के घरवाले सदमे में हैं।
अश्लील मैसेज भेजने वाला धराया
उधर, युवती को अश्लील मैसेज भेजने वाले युवक को पुलिस ने दबोच लिया है। रोहिणी जिले के साइबर पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक और युवती एक साथ पढ़ते थे और दोनों में दोस्ती हुई। जब युवती ने अनदेखी की तो युवक बर्दाश्त नहीं कर सका और अश्लील मैसेज भेजने लगा। पुलिस ने बताया कि एक युवती ने शिकायत की है कि उसे इंस्टाग्राम पर बार-बार अश्लील मैसेज मिल रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारत उर्फ दीपक (22) निवासी किराड़ी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ पर पता चला कि आरोपित युवक और शिकायतकर्ता दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों ने इग्नू विश्वविद्यालय में एक साथ पढ़ाई की थी, जहां वे दोस्त बन गए। फिर युवती ने उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया तो युवक ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। फिर उसने इस अकाउंट का इस्तेमाल शिकायतकर्ता को उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर अश्लील संदेश भेजने के लिए किया। पुलिस मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।






