हजारों परिवारों को मिलेंगे मुफ्त घर, 143 एकड़ में विकसित होगा 15 मिनट सिटी मॉडल
मुंबई । अदाणी समूह मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित मोतीलाल नगर में एक विशाल पुनर्विकास परियोजना में 1 लाख करोड़ रुपये का भारी निवेश करने जा रहा है। यह भारत की सबसे बड़ी क्लस्टर पुनर्विकास परियोजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र का कायापलट करना और हजारों परिवारों को आधुनिक आवास व सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अदाणी समूह की रियल एस्टेट इकाई, एस्टेटव्यू डेवलपर्स, महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की देखरेख में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अंजाम देगी। इस 1 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश में से, लगभग 36,000 करोड़ रुपये परियोजना के तहत पुनर्वास पर खर्च किए जाएंगे। इसके तहत, अदाणी समूह लगभग 10.5 लाख वर्ग मीटर का पुनर्वास घटक विकसित करके म्हाडा को सौंपेगा, जो महाराष्ट्र में विभिन्न आय वर्ग के लिए किफायती आवास उपलब्ध कराता है। परियोजना का शेष 17 लाख वर्ग मीटर का फ्री-सेल घटक अदाणी समूह द्वारा खुले बाजार में बेचा जाएगा, जिससे निवेश का एक बड़ा हिस्सा वित्तपोषित होगा।
समूह के एक अधिकारी ने बताया कि नियोजित निवेश के लिए धन समूह के आंतरिक संसाधनों और परियोजना की बिक्री से जुटाया जाएगा। यह परियोजना 143 एकड़ में फैली हुई है, जिसमें मोतीलाल नगर 1, 2 और 3 का चरणबद्ध पुनर्विकास शामिल है। म्हाडा ने अगले सात वर्षों के भीतर परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस पुनर्विकास से 3,702 पात्र लाभार्थियों को लगभग 1,600 वर्ग फुट कारपेट एरिया के मुफ्त आवास मिलेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निवासियों की मांग के अनुरूप, पहले की योजना में उल्लिखित निर्मित क्षेत्र के बजाय कारपेट क्षेत्र के आधार पर आवास प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इसके अतिरिक्त, 328 पात्र वाणिज्यिक कब्जाधारकों को 987 वर्ग फुट का वाणिज्यिक स्थान मिलेगा, जबकि लगभग 1,600 झुग्गीवासियों को झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) के प्रावधानों के तहत 300 वर्ग फुट के आवास के साथ पुनर्वासित किया जाएगा। म्हाडा और अदाणी समूह का लक्ष्य मोतीलाल नगर को शहर के भीतर एक 15 मिनट सिटी के रूप में पुनर्विकसित करना है। इस अवधारणा के तहत, सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे स्कूल, क्लीनिक, अस्पताल, बाजार, वाणिज्यिक परिसर, हरित पार्क, वरिष्ठ नागरिक क्षेत्र, खेल के मैदान, जॉगिंग और साइकिलिंग ट्रैक, सांस्कृतिक हॉल और जिम 15 मिनट की पैदल दूरी के भीतर उपलब्ध होंगी।


