सीबीआई ने कोलकाता हत्याकांड मामले में किया चौंकाने वाला खुलासा
कोलकाता । कोलकाता दुष्कर्म और हत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। घटना की रात को वारदात का मुख्य आरोपी संजय रॉय ने जिस बाइक का इस्तेमाल किया वह कोलकाता पुलिस आयुक्त के नाम पर दर्ज थी। सीबीआई ने दो दिन पहले ही आरोपी की बाइक को जब्त किया था।
सीबीआई के मुताबिक यह मोटरसाइकिल साल मई 2024 में रजिस्टर्ड कराई गई थी। पुलिस के नाम पर रजिस्टर्ड से बाइक से आरोपी ने नशे की हालत में 15 किलोमीटर का सफर तय किया था। जानकारी सामने आने के बाद मालूम हुआ है कि मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय और पुलिस के तार कहीं-न-कहीं आपस में जुड़े हुए हैं और ये सबूत सीबीआई के हाथ लग गए हैं। सीबीआई द्वारा जब्त ये वही बाइक है जिसको आरोपी वारदात की रात नशे की हालत में चला रहा था।
वहीं, इस मामले पर पुलिस का कहना है कि कोलकाता पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सभी वाहन और बाइक पुलिस आयुक्त कार्यकाल के तहत रजिस्टर्ड होते हैं। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ये पता लगाने का प्रयास कर रही थी कि संजय रॉय के पास ये बाइक कहां से आई। क्या ये बाइक उसकी थी या किसी और की थी, जिसमें सीबीआई को मिली जानकारी में पता चला कि ये बाइक कोलकाता पुलिस कमिश्नर के नाम पर रजिस्टर्ड है। अब सीबीआई इसका भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास ये बाइक कहां से आई थी, क्योंकि एक सिविक वालंटियर होने के नाते पुलिस के नाम पर रजिस्टर्ड बाइक चलाने का संजय रॉय को अधिकार नहीं था।
बता दें कि अगर कोई व्यक्ति पुलिस की बाइक इस्तेमाल करता है तो इस व्यक्ति को किसी भी नाके, बैरिकेड्स या चेकिंग के दौरान नहीं रोका जाता है। घटना वाले दिन भी आरोपी ने शराब पीने के बाद नशे में करीब 15 किलोमीटर बाइक चलाई थी और उसके बाद वह आरजी कर अस्पताल पहुंचा था। बाइक चलाते समय संजय ने पुलिस का हेलमेट भी पहना हुआ था इसलिए उसे पुलिस ने भी नहीं रोका।






