भोजपुर । बिहार में भोजपुर जिले के बिहिया नगर परिषद क्षेत्र में शनिवार सुबह एक जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे में बच्चों के दादा भी घायल हो गए।
मृतकों मे साजन रजक के 3 वर्षीय बेटे शिवांश कुमार और राहुल रजक के ढाई वर्षीय बेटे अंकित कुमार शामिल है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे और रोज की तरह शनिवार सुबह भी घर के बाहर खेल रहे थे, जिस बाउंड्रीवाल के पास बच्चे खेल रहे थे, वह काफी पुरानी और जर्जर हो चुका था । अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मासूम उसकी चपेट में आ गए। हादसे के समय वहां मौजूद लोगों ने तेज आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों और उनके दादा को बाहर निकाला।
इस हादसे में 3 वर्षीय शिवांश कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे में बच्चों के दादा छोटक रजक भी घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


