संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। समाहरणालय परिसर स्थित अमरजीत बलिहार पार्क एवं अमरजीत बलिहार चौक में गुरुवार को शहीद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमरजीत बलिहार सहित पांच शहीद जवानों की 13वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, अपर समाहर्ता जैम्स सुरीन, एसडीपीओ कुमार गौरव सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शहीद एसपी अमरजीत बलिहार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। जिला प्रशासन की ओर से शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। श्रद्धांजलि समारोह के दौरान शहीदों के परिजनों की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भावुक हो उठा।इस मौके पर एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि शहीद एसपी अमरजीत बलिहार और उनके साथ बलिदान देने वाले सभी जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जब देश और समाज की सुरक्षा के लिए बलिदान की बात आती है, तब उसमें किसी प्रकार का रैंक या पद नहीं देखा जाता। अधिकारी हो या जवान, सभी का बलिदान समान रूप से सम्मानित और स्मरणीय होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी है और यदि देश व राज्य की सुरक्षा के लिए बलिदान देना पड़े तो वह सर्वोच्च सम्मान की बात है।
गौरतलब है कि 2 जुलाई 2013 को तत्कालीन पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार दुमका में आयोजित डीआईजी की बैठक में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान काठीकुंड थाना क्षेत्र के जमनी नाला के समीप घात लगाए नक्सलियों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया था। इस हमले में एसपी अमरजीत बलिहार, आरक्षी चंदन थापा, चालक अशोक कुमार श्रीवास्तव तथा जवान राजीव शर्मा, संतोष मंडल और मनोज हेंब्रम शहीद हो गए थे। वहीं निजी चालक धनराज मढैया एवं एक अन्य जवान घायल हुए थे।
13वीं पुण्यतिथि पर जिलेवासियों ने शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।


