संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ । जिले के नगर थाना क्षेत्र से पारिवारिक रिश्तों को तार-तार करने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादीशुदा व्यक्ति पर अपनी ही नाबालिग बहन के साथ पिछले दो साल से यौन शोषण और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत और ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग पीड़िता अपने भाई के साथ ही रहती थी। आरोप है कि भाई पिछले दो साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। पीड़िता ने कई बार इसका विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उसे डरा-धमका कर चुप करा देता था। बुधवार को जब पीड़िता ने एक बार फिर कड़ा विरोध किया, तो आरोपी भाई ने उसके साथ मारपीट की, उसे घर से बाहर निकाल दिया और उसका सामान भी फेंक दिया।
घर से निकाले जाने के बाद पीड़िता ने आपबीती आस-पास के ग्रामीणों को बताई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी को पकड़कर बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की भनक लगते ही स्थानीय पंचायत के मुखिया मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ से आरोपी को बचाकर तुरंत नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस की टीम गांव पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में भाई द्वारा अपनी छोटी बहन के साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकता से एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही है। पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करने और उसका मेडिकल कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही है, साथ ही आरोपी की भी मेडिकल जांच कराई जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


