नई दिल्ली । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के लाखों सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। संगठन ने डेटाबेस एकीकरण और सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के चलते अपनी कुछ ऑनलाइन सेवाओं को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। यह व्यवधान 26 जून से शुरू हुआ है और उम्मीद है कि सभी सेवाएं 1 जुलाई से दोबारा शुरू हो जाएंगी।
ईपीएफओ ने अपने सदस्यों को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर सूचित किया है कि इस प्रक्रिया के कारण 26 जून से क्लेम सब्मिट करने, पासबुक डाउनलोड करने और नए कर्मचारियों के लिए यूएएन जनरेट करने जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस दौरान ई-पासबुक भी एक्सेस नहीं की जा सकेगी। संगठन ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए बताया कि ये सभी सेवाएं 1 जुलाई से फिर से बहाल हो जाएंगी। ईपीएफओ का मानना है कि अपग्रेडेशन पूरा होने के बाद क्लेम प्रोसेसिंग पहले से अधिक तेज और सुगम होगी, जिससे सदस्यों को बेहतर ऑनलाइन अनुभव मिलेगा और दावों के निपटारे में लगने वाला समय कम होगा। इस दौरान सदस्यों और नियोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने पीएफ से जुड़े लेनदेन की योजना इस अस्थायी व्यवधान को ध्यान में रखकर बनाएं। किसी भी सहायता के लिए ईपीएफओ का हेल्पलाइन नंबर 14470 उपलब्ध रहेगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


