365 दिन तक वॉलेट का इस्तेमाल न करने पर हर तिमाही कटेंगे 100 रुपए
नई दिल्ली । डिजिटल पेमेंट्स प्लेटफॉर्म फोनपे ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि अगर कोई यूजर अपने फोनपे वॉलेट का लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करता है, तो उसे इनएक्टिव मेंटेनेंस चार्ज देना होगा। यह शुल्क 100 रुपये (जीएसटी सहित) प्रति तिमाही उन वॉलेट्स से कटेगा जो लगातार 365 दिनों तक निष्क्रिय रहेंगे। फोनपे की नई नीति के तहत, यदि कोई यूजर लगातार 365 दिनों तक अपने वॉलेट के जरिए कोई भी वित्तीय लेनदेन नहीं करता है, तो उसके वॉलेट को निष्क्रिय मान लिया जाएगा। इसके बाद हर तिमाही 100 रुपये का इनएक्टिव मेंटेनेंस चार्ज वसूला जाएगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि केवलफोनपे ऐप खोलना, यूपीआई लेनदेन करना, या ऐप के भीतर अन्य भुगतान (जैसे रिचार्ज, बिल भुगतान) करना वॉलेट एक्टिविटी नहीं माने जाएंगे। वॉलेट को सक्रिय बनाए रखने के लिए यूजर्स को सीधे अपने फोनपे वॉलेट के माध्यम से ही लेनदेन करना होगा। शुल्क लगाने से पहले यूजर्स को 15 दिन का नोटिस भेजा जाएगा। इस नोटिस अवधि के दौरान वॉलेट से कोई लेनदेन करके इस फीस से बचा जा सकता है, जिसके बाद वॉलेट सक्रिय हो जाएगा। निष्क्रियता शुल्क काटने के लिए, पर्याप्त फंड होने पर 100 रुपये काटे जाएंगे; कम होने पर उपलब्ध राशि काटकर शेष शून्य कर दिया जाएगा, जिससे कोई नकारात्मक बैलेंस नहीं बनेगा। यह बदलाव बड़ी संख्या में फोनपे वॉलेट यूजर्स को प्रभावित करेगा।


