अवैध हथियार तस्करी के इनपुट पर संयुक्त कार्रवाई, नगर थाना में चल रही पूछताछ
देवघर। देवघर शहर में गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और झारखंड एटीएस की संयुक्त छापेमारी से हड़कंप मच गया। केंद्रीय एजेंसियों की टीम ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। दोनों युवकों को नगर थाना लाया गया है, जहां एनआईए और एटीएस के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों को देवघर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसी आधार पर एनआईए और झारखंड एटीएस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले टीम ने नंदन पहाड़ के समीप नंदी नगर मोहल्ले में छापेमारी की, जहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया। बताया गया कि वह युवक अपने मामा के घर पर ठहरा हुआ था।
इसके बाद टीम ने दूसरी कार्रवाई भुरभुरा मोड़ के पास की, जहां से एक अन्य संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। दोनों को हिरासत में लेने के बाद नगर थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है। एजेंसियां दोनों युवकों के संपर्क, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि नंदी नगर से पकड़ा गया युवक बिहार के आरा जिले का रहने वाला है। उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं। परिवार वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र में रह रहा है, जबकि युवक कुछ दिनों से नंदी नगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।
हालांकि, अब तक की छापेमारी में किसी प्रकार का हथियार या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। जांच एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
देवघर में एनआईए और एटीएस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं जांच एजेंसियां मामले की हर कड़ी को खंगालने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


