गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सप्लाई चेन तोड़ने की कोशिश तेज
देवघर। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने करीब 33 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। उक्त जानकारी एसपी सौरभ ने प्रेस वार्ता कर दी, उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार साह, निवासी पुजहारडीह अम्बाकोला, थाना चंदमंडीह, जिला जमुई और प्रकाश मंडल, निवासी गंगानगर, थाना कुण्डा, देवघर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक हुंडई वेन्यू वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस का मानना है कि इस मामले के तार बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें, पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहने और ऐसे कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। इस कार्रवाई में कुण्डा थाना की पुलिस और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल रहे।


