रामा कान्त मालवीय
सारवां सीएचसी की महिला डॉक्टर प्रियंका ने पेश की मिसाल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सारवां में पदस्थापित महिला प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। अपने समर्पण और कुशलता के बल पर उन्होंने जिले में ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के डॉक्टरों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। डॉ. प्रियंका ने विशेष रूप से प्रसूति सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। अब तक उन्होंने लगभग 100 से अधिक सुरक्षित प्रसव कराए हैं, जिनमें सामान्य प्रसव के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर सिजेरियन ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए गए हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित चिकित्सा सुविधा मिल रही है,जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी मदद मिली है। सीएचसी सारवां में सीमित संसाधनों के बावजूद डॉ. प्रियंका अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभा रही हैं। वे गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, परामर्श और समय पर उपचार पर विशेष ध्यान देती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सेवा भावना और कार्यशैली के कारण अस्पताल में आने वाली महिलाओं को भरोसा और सुरक्षा का एहसास होता है। स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके इस सराहनीय योगदान के कारण क्षेत्र के लोग उन्हें सम्मान और गर्व की दृष्टि से देखते हैं।
————————————————————————————————————————
देवघर की बेटी कृति सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, खेल चुकी हैं चार नेशनल गेम
देवघर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कृति सिंह लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। कृति सिंह ने बताया कि अब तक वह कुल चार नेशनल गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं, जिनमें तीन सीनियर नेशनल गेम और एक यूथ नेशनल गेम शामिल है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्होंने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है। कृति सिंह ने कहा कि खेल के प्रति उनका जुनून बचपन से ही रहा है। नियमित अभ्यास, कोच का मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल गेम्स में भाग लेना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है और वह भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य के लिए पदक जीतने का लक्ष्य रखती हैं। कृति सिंह की इस उपलब्धि से देवघर के खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों का कहना है कि कृति सिंह जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और सुविधाएं मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी सफलता देवघर की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
————————————————————————————————————————
सदर अस्पताल के लेबर वार्ड में नर्स रश्मि कुमारी की पहल से व्यवस्था में सुधार
देवघर :-देवघर जिला सदर अस्पताल के लेबर वार्ड में पदस्थापित बीएससी नर्सिंग स्टाफ रश्मि कुमारी के इंचार्ज बनने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। उनकी सक्रियता और कार्यकुशलता के कारण लेबर वार्ड की व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनी हैं। रश्मि कुमारी के नेतृत्व में अब UBN ऑनलाइन पोर्टल पर प्रसव से संबंधित सभी आवश्यक डाटा शत-प्रतिशत अपलोड किया जा रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध हो रही है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा मिल रही है। इसके अलावा लेबर वार्ड में आने वाली गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच अब अस्पताल में ही कराई जा रही है, जिससे मरीजों को बाहर भटकना नहीं पड़ता और समय पर उपचार सुनिश्चित हो पाता है। उनके प्रयासों से प्रसूति सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आया है। स्थानीय लोगों और मरीजों का कहना है कि पहले लेबर वार्ड में अव्यवस्था और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन रश्मि कुमारी के आने के बाद कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन देखने को मिल रहा है। उनके समर्पण और जिम्मेदार कार्यशैली के कारण अस्पताल की छवि भी बेहतर हो रही है।


