संताल एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा । जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोर्ट से गवाही देकर लौट रही एक महिला को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम अंडर बायपास के समीप की है। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, हालांकि फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान वंदना कुमारी उर्फ वंदना देवी के रूप में हुई है। वह गोड्डा कोर्ट में एक पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में गवाही देने के बाद अपने मायके परसा लौट रही थीं। इसी दौरान गांधीग्राम के पास अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला को दो गोली लगी है, जिनमें एक गोली जबड़े में और दूसरी पीठ में लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गोड्डा से महिला को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया जा रहा है। बताया गया है कि वंदना कुमारी के पति संतोष कुमार साह, सासाराम (बिहार) में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के पद पर पदस्थापित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में गोड्डा एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि महिला कोर्ट से गवाही देकर लौट रही थी, उसी क्रम में गांधीग्राम अंडर बायपास के पास उसे गोली मारी गई। घायल महिला के बयान के अनुसार दो बाइक सवार युवक उनका पीछा कर रहे थे, जिनमें से एक में महिला के देवर (पति के भाई) का नाम सामने आ रहा है। महिला ने कहा पति पर दहेज उत्पीडऩ का केस चल रहा था, महिला के पीठ और चेहरा के नीचे कुल दो गोली मारी गई है। महिला के परिजनों ने भी आरोप लगाया है कि इस वारदात को ससुराल पक्ष के लोगों ने अंजाम दिया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार पुलिस प्रशासन द्वारा गोली लगने की घटना के वास्तविक घटनास्थल की गहन खोज की जा रही है।इस अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ गोड्डा अशोक प्रियदर्शी कर रहे हैं। उनके साथ पथरगामा पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी तथा गोड्डा पुलिस निरीक्षक दिनेश महली दलबल के साथ लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। काफी प्रयासों के बावजूद अब तक घटनास्थल का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रशासन आमजन से अपील करता है कि यदि किसी को इस घटना से संबंधित घटनास्थल या किसी भी प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो वे अविलंब पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


