पीड़ित परिवार के पास शरीर में पहने कपड़े को छोड़ सब कुछ जलकर हुए राख
आशियाना जलने के घंटों बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी, लोगों में आक्रोश
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा –साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड क्षेत्र के राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिणी सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत भट्ठाटोला गांव में बुधवार देर रात लगने से करीब एक दर्जन घर जलकर राख हो गया. वहीं घटना में करीब आधा दर्जन से अधिक घर घटना में आंशिक रूप से जल गया है.मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सैयद हाजी टोला (भट्ठाटोला)गांव में रात करीब 9:30 बजे रमेश मंडल के घर से अचानक आग की चिंगारी उठी और आग पूरी घर में फैल गई.आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. जिससे पड़ोसी गोखुल मंडल,वीरेन मंडल,भीरू मंडल,हीरू मंडल,निमोला वेवा, उर्मिला देवी, संतोष मंडल, कार्तिक मंडल,प्रभु मंडल, शकुंतला देवी,का टट्टी,फूस व टीना से बनी घर पलभर में जलकर राख हो गया. वहीं बब्लू घोष, उत्तम घोष, एकरामुल शेख,सबीर शेख, आलमगीर शेख, जहांगीर शेख,व समनुर वेवा का घर आंशिक रूप से जल गया. हालांकि ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया. तब तक काफी देर हो चुकी थी.इस भयावह अग्नि कांड की घटना में घर में रखे अनाज,जेवारत, बिछावन,नकदी, जमीन समेत अन्य कागजात सहित सारा सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया.अग्नि कांड की घटना में पीड़ित परिवार के पास शरीर में पहने कपड़े के अलावा कुछ नहीं बचा है. वहीं ग्रामीणों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी.उधर घटना की सूचना मिलने पर उधवा बीडीओ सह सीओ जयंत कुमार तिवारी, थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली. वहीं प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को तत्काल कम्बल दिए.
घटना के डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
इधर प्रशासन को घटना की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंची.जिसको लेकर ग्रामीणों एवं पीड़ितों आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि उधवा में फायर ब्रिगेड की गाड़ी होती तो समय पर पहुंचती और शायद इतनी बड़ी भीषण अग्निकांड की घटना नहीं घटती. स्थानीय लोगों ने उधवा में फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग किया.


