दुमका । कानून के रक्षक जब खुद कानून तोड़ने पर उतर आए, तो कार्रवाई तय थी। पत्रकार के साथ मारपीट और बदसलूकी के आरोपों में हंसडीहा थाना प्रभारी पु०अ०नि० ताराचंद पर आखिरकार गाज गिर ही गई। दुमका पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
घटना 27 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय यादव के मातृ श्राद्ध कर्म में ढाका मोड़ से आज तक के पत्रकार मृत्युंजय कुमार पांडे और टीवी 18 के नितेश वर्मा श्राद्ध कर्म से लौट रहे थे। हंसडीहा चौक पर चाय-पानी के लिए रुके पत्रकार को क्या पता था कि कानून के रखवाले ही उनके साथ हाथापाई और अभद्र व्यवहार करेंगे। आरोप है कि थाना प्रभारी और उनके चालक ने पत्रकार पर रौब झाड़ते हुए न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट भी की।
मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दुमका एसपी के निर्देश पर कराई गई जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट में साफ कहा गया कि थाना प्रभारी का आचरण अनुशासनहीन, मनमाना और पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला है।
जांच के बाद एसपी दुमका पीतांबर सिंह खेरवार ने कड़ा संदेश देते हुए थाना प्रभारी को जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दुमका तय किया गया है।
इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश अब नहीं चलेगी, और वर्दी की आड़ में की गई गुंडागर्दी पर पुलिस प्रशासन खुद सख्त कार्रवाई करेगा।




