भाजपा के घोषणा पत्र सुझाव अभियान के तहत छात्रों से बाबूलाल मरांडी ने किया सीधा संवाद
आधुनिक सुविधाओं से संचालित होगी लाइब्रेरी व छात्रावास
दुमका ब्यूरो
दुमका । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को दुमका के कन्वेंशन सेंटर में संथाल परगना के सभी महाविद्यालय के छात्रावास से आए छात्र-छात्राओं के साथ भाजपा के घोषणा पत्र सुझाव अभियान के तहत सीधा संवाद किए।
—————————————————–
जनता से पूछकर भाजपा कर रही है घोषणा पत्र बनाने की तैयारी
भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव संकल्प घोषणापत्र के लिए युवाओं के विचार और सुझाव प्राप्त किया। संताल परगना के सभी छात्रावास के सभी छात्र नायक एवं नायिका ने अंगवस्त्र देकर बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया । छात्र नेता श्यामदेव हेंब्रम ने बाबूलाल मरांडी को आदिवासी परंपरा से पगड़ी पहनाकर स्वागत किया ।
————————————————
झारखंड के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण
श्री मरांडी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “झारखंड के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। भाजपा का संकल्प घोषणापत्र केवल एक राजनीतिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि झारखंड के हर नागरिक के सपनों और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। हम चाहते हैं कि आपके विचार और सुझाव इसमें सम्मिलित हों, ताकि इसे और अधिक प्रभावी और प्रासंगिक बनाया जा सके।”
————————————————
युवा आकांक्षाओं के समक्ष चुनौतियां व विकासोन्मुखी समाज निर्माण को लेकर दिए सुझाव
छात्रों ने उत्साहपूर्वक अपने सुझाव और विचार साझा किए, जिनमें गुणात्मक शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने, झारखंड के सभी विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई, इग्नू में संथाली विषय की पढ़ाई, विश्वविद्यालय की पढ़ाई और परीक्षा का नियमितीकरण, केंद्रीय विश्वविद्यालय में नामांकन के अवसर, आधुनिक लाइब्रेरी, उत्तम श्रेणी का छात्रावास, छात्रावास में ईंधन के रूप में गैस कनेक्शन की व्यवस्था सहित रोजगार के अवसर बढ़ाने, प्लस 2 विद्यालय शिक्षक नियुक्ति में छूटे विषय जैसे राजनीतिक विज्ञान, समाजशास्त्र, संताली सहित अन्य विषयों को जोड़कर परीक्षा लेने और सामाजिक विकास के लिए नई योजनाओं की मांग शामिल थी।
———————————————
भाजपा सरकार बनते ही छात्रों के समस्या निवारण पर होगा विशेष पहल
श्री मरांडी ने छात्रों के सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें भाजपा के घोषणापत्र में समाहित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “आपके सुझाव हमें झारखंड के भविष्य को और उज्जवल बनाने में मदद करेंगे। हम एक ऐसा प्रदेश बनाना चाहते हैं, जहां हर युवा को अपनी क्षमताओं को पूर्ण रूप से विकसित करने का अवसर मिले।” उन्होंने कहा कि छात्रों के समस्याओं का निवारण के लिए भाजपा सरकार बनते ही ठोस प्रयास किया जाएगा। सभी छात्रावास में लकड़ी और कोयला के ईंधन के विकल्प के रूप में गैस कनेक्शन से जोड़ा जाएगा । विश्वविद्यालय की परीक्षा और परीक्षा फल का नियमितीकरण करने की ठोस पहल एवं प्रत्येक जिले में 500 बेड का आधुनिक छात्रावास बनाया जाएगा। छात्रों को लाइब्रेरी एवं छात्रावास को आधुनिकता के कसौटी में कसा जाएगा। लगे हाथ उन्होंने कहा कि 1 वर्ष के भीतर भाजपा सरकार छात्रों के लगभग समस्या का समाधान कर देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवस्था तैयार की जाएगी कि सिर्फ यहां के बच्चे ही नहीं वरन दूसरे राज्यों के छात्र यहां पढ़ने के लिए लालायित हो।
————————————————
संवाद सत्र आयोजित कर भाजपा बनाएगी समृद्ध घोषणापत्र
श्री मरांडी ने भाजपा की नीतियों और योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया, जिससे छात्रों को पार्टी के विजन और मिशन की गहरी समझ मिली। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में झारखंड में विकास की गति को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह संवाद सत्र न केवल भाजपा के घोषणापत्र को समृद्ध करेगा, बल्कि युवाओं को भी प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित करेगा।
उक्त कार्यक्रम में विधायक अनंत ओझा,विधायक अमित मंडल,प्रदेश उपाध्यक्ष लुईस मरांडी,प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, मुन्ना मिश्रा,पूर्व सांसद सुनील सोरेन सहित बड़ी संख्या में छात्र उक्त कार्यक्रम में शामिल रहे ।


