संताल एक्सप्रेस
पाकुड़ । नगर थाना क्षेत्र के मलीपाड़ा गांव में मंगलवार को एक बंद पत्थर खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे होने तथा सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ग्रामीणों की नजर गांव के समीप स्थित एक बंद पत्थर खदान के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। इसकी खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गांव के मुखिया विकास गोड को दी। मुखिया की जानकारी पर नगर थाना पुलिस हरकत में आई।सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुमार गौरव और नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकलवाया। बताया जाता है कि संबंधित खदान जाकिर शेख की है।
शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जबकि उसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि व्यक्ति की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को खदान में फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में लगी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।


