मालदा के कलियाचक से जुड़े संदिग्धों के मकान से 608 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ, केमिकल, मशीनें और 5.93 लाख रुपये नकद बरामद
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा – बरहरवा थाना क्षेत्र के मुगलपाड़ा महाराजपुर में पुलिस ने छापेमारी कर कथित तौर पर ब्राउन शुगर बनाने और खरीद-बिक्री के अवैध कारोबार का खुलासा किया है. पुलिस ने मौके से पांच को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान 608 ग्राम ब्राउन शुगर/प्रतिबंधित पदार्थ, करीब 5.93 लाख रुपये नकद, केमिकल, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का संबंध पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र से है.पुलिस अधीक्षक साहिबगंज कार्यालय से 13 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 12 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मुगलपाड़ा महाराजपुर स्थित एक मकान में कुछ लोग केमिकल का इस्तेमाल कर ब्राउन शुगर बनाने तथा उसकी खरीद-बिक्री का काम कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए बरहरवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल तथा राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाजीकुल शेख उम्र 41 वर्ष, अख्तर आलम उम्र 26 वर्ष, शजहान शेख उम्र 25 वर्ष, साहनवाज आलम उम्र 19 वर्ष एवं अमिरुल शेख उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है.पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं.केमिकल और मशीनों का जखीरा बरामद
पुलिस ने मकान की विधिवत तलाशी ली. जिसमें ब्राउन शुगर बनाने में इस्तेमाल होने की आशंका वाले केमिकल और उपकरण बरामद हुए.बरामदगी में 608 ग्राम ब्राउन शुगर/प्रतिबंधित पदार्थ, 15.877 किलोग्राम केमिकल, 500 मिलीलीटर की 13 बोतल एसीटिल क्लोराइड, तीन इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, एक सिलिंग मशीन, एक एक्सटेंशन मशीन, एक जनरेटर और 1.4 किलोग्राम पैकेजिंग सामग्री शामिल हैं. बरामद सामान के संबंध में पूछताछ करने और दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया.पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर बनाने का काम किया जाता है. इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत् मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 259/26 दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत् एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 25 और 27ए सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.वही भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी) और 111(3) का भी उल्लेख है. पुलिस के अनुसार कथित अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है.
पूरी कार्रवाई बरहरवा और राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में गठित टीम ने की. छापेमारी दल में संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.


