डीसी की अध्यक्षता में नशामुक्त देवघर अभियान को तेज करने के निर्देश
देवघर। समाहरणालय सभागार में डीसी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में नार्को समन्वय केंद्र के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान डीसी ने जानकारी दी कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती की रोकथाम तथा विभिन्न स्तरों पर समन्वय और सहयोग स्थापित करने के उद्देश्य से चार स्तरीय नार्को समन्वय तंत्र का गठन किया गया है। इसके तहत जिला स्तर पर समिति गठित कर प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने और नियमानुसार समीक्षा के बाद कार्यवृत्त तैयार करने का प्रावधान है। इसी क्रम में देवघर जिले में भी जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक संयोजक सदस्य, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर एवं मधुपुर, सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी और जिला औषधि निरीक्षक को सदस्य नामित किया गया है। डीसी ने स्कूलों और कॉलेजों में नियमित रूप से नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा अभियान के साथ नशामुक्ति अभियान को जोड़ते हुए युवाओं और छात्रों को नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया। बैठक में शहरी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और नशामुक्त देवघर अभियान के तहत समाज को नशीली दवाओं के खतरों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस और संबंधित विभागों को नशे से जुड़े हॉटस्पॉट की पहचान कर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि सभी हितधारकों की सहभागिता से समस्या को जड़ से समाप्त किया जा सके।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को नशीली दवाओं के प्रसार और खपत पर कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए नशामुक्त देवघर बनाने की दिशा में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में एसपी सौरभ, डीएफओ,नगर आयुक्त,अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीएमएफटी की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


