आमने-सामने से हुई बाइक की भिड़ंत

संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा- राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिणी सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत मनिहारी टोला मदिया गांव में सोमवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान मदिया गांव निवासी अशरफ शेख उम्र 16 वर्ष के रूप में हुई है.मिली जानकारी के अनुसार अशरफ शेख प्रतिदिन की तरह गोहलबाड़ी स्थित अपनी दुकान बंद कर होंडा एसपी साइन जेएच 17 एन 2318 पर सवार होकर मदिया लौट रहा था. इसी दौरान मदिया पुल के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही सुपर स्प्लेंडर जेएच 18 जे 2101 बाइक दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.दुर्घटना में अशरफ शेख की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दूसरी बाइक पर सवार फुदकीपुर नौघरीया गांव के दीपक कुमार व मनिहारी टोला के एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि दोनों घायलों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और इसकी जानकारी राधानगर थाना पुलिस को दी. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया तथा दोनों बाइकों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, घायलों में शामिल दोनों युवक मदिया गांव से शराब पीकर नशे में धुत होकर बाइक चला रहे थे. नशे की हालत में उन्होंने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मदिया गांव में अवैध रूप से शराब और महुआ की बिक्री बेरोकटोक हो रही है. रोजाना सैकड़ों लोग यहां बाइक से शराब पीने पहुंचते हैं और नशे की हालत में वाहन चलाते हैं. जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मदिया गांव में अवैध शराब और महुआ की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. उधर इस हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



