*बंदी कर रहे है छठ पर्व का नियम पालन*

संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज – साहिबगंज मंडल कारा में नेम निष्ठा का महापर्व छठ पूरे विधि-विधान व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. जेल में दो पुरुष बंदी सुजीत सिन्हा व इस्माइल अंसारी के द्वारा सूर्य उपासना का महापर्व छठ पर्व पुरे नेम निष्ठा के साथ किया जा रहा है.वही बंदियों के द्वारा किए जा रहे छठ पर्व को लेकर जेल प्रशासन ने व्रती बंदी को पूजन एवं अर्घ्य हेतु आवश्यक फल, प्रसाद, दीप, वस्त्र, बांस की सूप, टोकरी सहित अन्य पूजन सामग्री उपलब्ध कराई है. साथ ही अर्घ्य हेतु विशेष व्यवस्था जेल परिसर में की गई.जेल अधीक्षक चंद्रशेखर प्रसाद सुमन ने बताया कि छठ पर्व आस्था, संयम और पवित्रता का प्रतीक है. मानवता के इस पर्व में हर किसी को अपनी श्रद्धा व्यक्त करने का अधिकार है. प्रशासन का दायित्व है कि हम हर बंदी के धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें.जेल कर्मियों एवं अन्य बंदियों ने भी इस अवसर पर सहयोग किया तथा सामूहिक रूप से शांति, सौहार्द और समाज में सद्भावना के लिए मां छठ की पूजा-अर्चना की जा रही है.



