देवघर। झारखंड के देवघर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। मधुपुर थाना क्षेत्र स्थित एचडीएफसी बैंक में दिनदहाड़े छह हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
सूत्रों के अनुसार अपराधियों में एक ने हेलमेट और दूसरे ने बुर्का पहन रखा था। बैंक में घुसते ही अपराधियों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया और हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बंदूक की नोक पर तीन बैग नकदी और गोल्ड भी लेकर जाने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। बताया जा रहा है कि लूटी गई रकम लाखों रुपये में हो सकती है, हालांकि पुलिस और बैंक प्रबंधन ने अब तक नकदी और सोने की लूट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस वारदात के बाद बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।




