देवघर। नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक स्थित एक होटल में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर चार जोड़ा युवक-युवती को संदिग्ध परिस्थिति में पकड़ लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूत्रों के अनुसार नगर पुलिस को जानकारी मिली थी कि होटल में कुछ युवक-युवती ठहरे हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस की टीम पूर्वाह्न 11 से 12 बजे के बीच मौके पर पहुंची और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार जोड़ा युवक-युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया। सभी युवक-युवती नगर थाना इलाके के ही निवासी बताए जाते हैं। शाम तक पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाया और बांड भरवाकर सभी को छोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि जिस होटल से युवक-युवती को पकड़ा गया है, वहां पूर्व में भी पुलिस द्वारा इसी प्रकार की कार्रवाई की जा चुकी है। कई बार यह होटल संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रह चुका है।




