देवघर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगामी 10 और 11 जून को प्रस्तावित देवघर दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी एम्स देवघर के निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय को राष्ट्रपति भवन की ओर से शुक्रवार देर शाम दी गई। राष्ट्रपति मुर्मू के इस दौरे के तहत देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने की योजना थी, जो अब टाल दी गई है। नई तिथि की घोषणा राष्ट्रपति भवन द्वारा उनके अगले शेड्यूल के अनुसार की जाएगी।

बताया गया कि राष्ट्रपति मुर्मू को विशाखापत्तनम से देवघर आना था, लेकिन उनका विशाखापत्तनम का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है। इसके कारण देवघर दौरा भी स्थगित करना पड़ा। इससे पहले जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन दौरे को लेकर तैयारियों में जुटा था। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे थे। बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही थी, साथ ही आवागमन मार्गों की सफाई और साज-सज्जा का कार्य भी चल रहा था। अब राष्ट्रपति के देवघर आगमन की अगली तारीख की घोषणा के बाद दीक्षांत समारोह के लिए पुनः तैयारियां की जाएंगी।



