गोड्डा । पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में सोमवार को ठाकुर नाहन के पूर्व मखिया सह सीएसपी संचालक की हत्या कर दी गई। वहीं उक्त मामले में मिली जानकारी के अनुसार दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में चार हथियारबंद युवक घुसे। इस दौरान सीएसपी संचालक महेंद्र टुडू ने उन लोगों का विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उनके पेट में दो गोलियां दाग दी और मौके से फरार हो गए। जिसके बाद आनन फानन में घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन हालत को नाजुक देखते हुए घायल महेंद्र को पहले देवघर रेफर किया गया फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर ले जाया जा रहा था पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक ठाकुरनहान के पूर्व मुखिया थे। वहीं पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी विनय कुमार ने घटना की पुष्टि की है। मिली जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देने बदमाश दो बाइक से आए थे। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार से हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि अपराधियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया।




