नई दिल्ली । तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वापसी अच्छी नहीं रही है। शमी की गेंदों को एक नये बल्लेबाज मोहित जांगड़ा ने जमकर पीटा है। बंगाल की ओर से खेलते हुए शमी इस मैच में मिजोरम की टीम के खिलाफ 4 ओवर में 46 रन देकर एक भी विकेट नहीं ले पाये। बंगाल टीम इसके बाद भी इस मैच को जीतने में सफल रही।
मिजोरम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 157 रन बनाए। मोहित जांगड़ा ने 80 रन जबकि अग्नि चोपड़ा ने 13 रन बनाए। वहीं बंगाल की ओर से कनिष्क सेठ, सयान घोष और करन लाल ने एक-एक विकट लिए। इसके बाद 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगाल की टीम ने आसानी से मैच जीत लिया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने 45 गेंद में 81 रन बनाये। इस दौरान उन्हें साथी सलामी बल्लेबाज करन लाल का भी अच्छा साथ मिला। करन ने 67 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद हबीब गांधी और ऋत्विक रॉय चौधरी ने 16वें ओवर में टीम को जीत दिला दी।
वहीं एक अन्य मैच में मुंबई ने महाराष्ट्र को 5 विकेट से हराया। इस मैच में मुंबई के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 39 गेंद में 71 रन बनाये। वहीं अजिंक्य रहाणे ने 34 गेंद में 52 रन बनाए। आईपीएल नीलामी में नहीं बिके पृथ्वी शॉ इस मैच में भी शून्य पर ही आउट हो गये। महाराष्ट्र ने पहले खेलते हुए 9 विकेट पर 171 रन बनाए। मुंबई ने ये लक्ष्य 17.1 ओवर में 5 विकेट पर ही हासिल कर लिया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


