पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिंतुगड़ा गांव में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान शाल्मी सिंकु के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति मांगील सिंकु ने घरेलू विवाद के बाद धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिंतुगड़ा गांव जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु का पैतृक गांव है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब चार बजे मांगील सिंकु और उसकी पत्नी शाल्मी सिंकु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपित पति ने कथित तौर पर गैंता से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ, जब गांव के निवासी सुब्बल सिंकु के मोबाइल पर फोन आया। उनसे शाल्मी सिंकु से बात करने को कहा गया। इसके बाद सुब्बल सिंकु महिला के घर पहुंचे और कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा खोलकर देखा तो घर के अंदर शाल्मी सिंकु का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु को घटना की जानकारी दी।
ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु ने तत्काल जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास को सूचना दी। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक सोनाराम सिंकु को भी घटना से अवगत कराया गया। वह भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है। आरोपित मांगील सिंकु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सुब्बल सिंकु, ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।


