– पहले चरण में दोनों पक्षों ने की ज्यादा सीटों की दावेदारी
– सत्ता का द्वार खोलेगा चुनाव का दूसरा चरण
चंदन मिश्र
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान संपन्न होने के बाद दोनों पक्ष बेहतर करने की दावेदारी कर रहे हैं। लेकिन सत्तारूढ़ इंडिया ब्लॉक से कहीं ज्यादा विपक्षी एनडीए गठबंधन जीत को लेकर कहीं ज्यादा आश्वस्त दिखाई दे रहा है। 43 सीटों पर हुए मतदान के बाद एनडीए गठबंधन ज्यादा से ज्यादा सीटों पर अपने विरोधियों से आगे बता रहा है। 23 नवंबर को मतगणना के दिन ही खुलासा होगा कि किस गठबंधन को जीत हासिल होगी। विधानसभा चुनाव दिलचस्प मुकाम पर पहुंच चुका है। दूसरा चरण ही सत्ता का द्वार खोलेगा।
चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। दूसरा चरण संतालपरगना और कोयलांचल क्षेत्र में होना है। दक्षिण छोटानागपुर की दो सीटों खिजरी और सिल्ली, उत्तरी छोटानागपुर की दो मांडू और रामगढ़, संतालपरगना की 18, गिरिडीह की छह, बोकारो की चार और धनबाद जिले की छह मिलाकर कुल 38 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
2019 के विधानसभा चुनाव में संताल परगना की 18 सीटों में झामुमो को 9, कांग्रेस को 4, भाजपा को 4 तथा झाविमो को एक सीट मिली थी। गिरिडीह जिले की छह सीटों में झामुमो को 3, भाजपा, झाविमो और भाकपा माले को एक- एक सीट मिली थी। वहीं बोकारो जिले की चार सीटों में भाजपा को दो, आजसू पार्टी को एक तथा कांग्रेस को बेरमो सीट मिली थी। धनबाद जिले की छह सीटों में भाजपा को चार, कांग्रेस और झामुमो को एक-एक सीट हासिल हुई थी। उत्तरी छोटानागपुर की मांडू सीट से भाजपा और रामगढ़ से पहले कांग्रेस, बाद में हुए उपचुनाव में आजसू पार्टी को सीट मिली थी। दक्षिणी छोटानागपुर की खिजरी सीट भाजपा और सिल्ली सीट आजसू पार्टी को मिली थी।
दूसरे चरण के पिछले चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि झामुमो को 12, कांग्रेस को 06, भाकपा माले एक, झाविमो को दो ,भाजपा को 13 तथा आजसू को 4 सीटें थीं। दूसरे चरण में सत्ताधारी गठबंधन के हिस्से 20 तथा विपक्षी एनडीए गठबंधन के खाते में 18 सीटें आईं थीं। इनमें जेवीएम की दो सीटों में प्रदीप यादव की सीट कांग्रेस तथा बाबूलाल मरांडी की सीट भाजपा के खाते में जोड़ा गया है। इस लिहाज से देखें तो दोनों पक्ष इन सीटों पर लगभग बराबरी की स्थिति में थीं।
2024 के विधानसभा चुनाव में परिणाम बिलकुल ऐसा ही होगा, यह कहना सही नहीं होगा। क्योंकि बदली परिस्थितियों में मुकाबला बहुत जबरदस्त होनेवाला है। झामुमो और कांग्रेस, 2019 के चुनाव में जिन सीटों पर जीत दर्ज किए हुए था, संभव है कि इनमें से कई सीटों पर एनडीए गठबंधन जोरदार मुकाबला कर रहा है। दूसरे चरण के चुनाव में जिस गठबंधन को ज्यादा सीटें मिलेंगी, वही गठबंधन सत्ता की कुर्सी में बैठेगा।
आखिरी चरण में सत्तारूढ़ झामुमो और कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं एनडीए गठबंधन ने भी प्रचार अभियान में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता एक-एक दिन में कई चुनावी सभा में पहुंच रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित कई बड़े नेता लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
झामुमो में हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन स्टार प्रचारक के रूप में प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस से राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
इस चुनाव में दोनों पक्षों के गठबंधन दलों की प्रतिष्ठा और राजनीतिक भविष्य दांव पर है। जो गठबंधन ज्यादा सीटें जीतकर आयेगा, वही गठबंधन सत्ता की कुर्सी पर बैठेगा।



