रांची । किसी भी राजनैतिक दल के पास देश या प्रदेश हित को लेकर कोई पुख्ता पोलिसी नहीं है। रोजगार कैसे देंगे,स्वास्थ्य सेवाओं को कैसे सुधारेंगे या बेहतर और मुफ्त शिक्षा के लिए क्या करेंगे। इस पर कोई बात नहीं कर रहा है। चुनावी मंच पर या तो मुफ्त की रेवड़ियां बांटने का वादा होता है या फिर घुसपैठियों को लेकर एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया जाता है। बस,ऐसी मुद्दों के सहारे चुनावी नैया पार लगाने की जद्दोजहद चल रही है। झारखंड के विपक्षी और सत्ताधारी, दोनों ही गठबंधनों में महिलाओं के लिए डायरेक्ट कैश बेनिफिट वाली योजनाओं की बहार है. बीजेपी ने गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने की 11 तारीख को 2100 रुपये देने का वादा किया है। बीजेपी के संकल्प पत्र में यह वादा भी किया गया है कि 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के साथ ही साल में दो बार, दीवाली और रक्षाबंधन पर मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। वहीं, झारखंड के सत्ताधारी गठबंधन ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही मैयां सम्मान योजना के तहत दी जा रही धनराशि को बढ़ाकर 2500 रुपये प्रति माह करने की गारंटी दी है। जेएमएम की अगुवाई वाले गठबंधन ने प्रति व्यक्ति सात किलो मुफ्त राशन के साथ ही गरीब परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है।
इधर,झारखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी घुसपैठ का मुद्दा जोर-शोर से उठा रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है जहां कोई भी आकर बस सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य प्रायोजित घुसपैठ झारखंड के लिए एक गंभीर खतरा है। रांची में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिये राज्य में आकर आदिवासी महिलाओं को जाल में फंसाकर उनसे शादी कर रहे हैं।शिवराज सिंह चौहन ने कहा, भारत कोई धर्मशाला नहीं है जहां कोई भी आकर बस सकता है। विदेशी घुसपैठिये झारखंड के लिए गंभीर खतरा हैं। यह देश हमारा है- हमारी जमीन, पानी, जंगल, नदियां, पहाड़ और खेत। हम किसी और को इन्हें हम से लेने नहीं देंगे।उन्होंने दावा किया, झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन इन घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानता है। वोटों के लालच में वे उनकी रक्षा कर रहे हैं, वोटर लिस्ट में शामिल कर रहे हैं और आधार व राशन कार्ड प्राप्त करने में मदद कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि संथाल परगना में आदिवासी आबादी 44 फीसदी से घटकर 28 फीसदी पर आ गई है।
सरकार बनी तो बनाएंगे नागरिकता रजिस्टर
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आई तो नागरिकता रजिस्टर बनाया जाएगा और घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम जिले में भाजपा के महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने जेएमएम के नेतृत्व वाली सरकार पर राज्य में पीएम आवास योजना को ठीक से लागू नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर योजना ठीक से क्रियान्वित होती तो अब तक महिलाओं को पक्के मकान मिल गए होते। चौहान ने कहा, भाजपा उन महिलाओं के लिए पक्के घर बनाएगी जो अभी भी कच्चे घरों में रहती हैं।


