जनवरी-अगस्त 2026 में यात्री वाहन बाजार में दूसरे नंबर पर पहुंची
नई दिल्ली । टाटा मोटर्स बाजार हिस्सेदारी में सबसे ज्यादा बढ़त हासिल करने वाली कंपनी बन गई है। साल 2026 के शुरुआती आठ महीने में उसने यह बढ़त हासिल की। कंपनी के सामान्य ईंधन वाले पोर्टफोलियो में जबरदस्त वृद्धि ने इस बिक्री में सबसे ज्यादा योगदान किया, जबकि इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार ने भी खासा सुधार दर्ज किया गया। लिहाजा, टाटा की बाजार हिस्सेदारी 12.62 फीसदी से बढ़कर 14.29 फीसदी हो गई। छह प्रमुख विनिर्माताओं में यह सबसे ज्यादा बढ़ोतरी थी। इस वृद्धि की वजह से टाटा जनवरी-अगस्त 2026 में यात्री वाहन बाजार में दूसरे पायदान पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में वह चौथे नंबर पर थी। जनवरी-अगस्त 2025 में दूसरे पायदान वाली महिंद्रा ऐंड महिंद्रा खिसककर तीसरे स्थान पर आ गई, जबकि ह्युंडै चौथे नंबर पर पहुंच गई।
‘वाहन’ के पंजीकरण आंकड़ों के मुताबिक टाटा की कंपनी ने जनवरी से अगस्त 2026 के बीच 4,94,370 यात्री वाहनों का पंजीकरण किया। यह संख्या पिछले साल इसी अवधि में पंजीकृत 3,60,245 वाहनों के मुकाबले 37.2 फीसदी ज्यादा रही। यह आंकड़ा समूचे यात्री वाहन बाजार की 21.2 फीसदी की वृद्धि से काफी बेहतर रहा, जो इसी अवधि में दर्ज 28.5 लाख से बढ़कर 34.6 वाहन लाख हो गया। यह वृद्धि केवल इलेक्ट्रिक वाहनों के बल पर नहीं आई थी। ईवी को छोड़कर टाटा का पंजीकरण 3,13,789 की तुलना में करीब 30.1 फीसदी बढ़ा और 4,08,188 वाहन हो गया। यह अब भी समूचे यात्री वाहन बाजार की तुलना में तेज है।
आठ महीने की इस अवधि में टाटा द्वारा पंजीकृत इन 1,34,125 अतिरिक्त वाहनों में से करीब 70 फीसदी गैर-ईवी थे। यह इस बात को दर्शाता है कि उसका पारंपरिक पोर्टफोलियो बिक्री बढ़ाने वाला प्रमुख संचालक बना रहा। ई-वाहनों का अतिरिक्त पंजीकरण में शेष 30 फीसदी हिस्सा रहा।
टाटा की इस वृद्धि को अलग-अलग इंजन वाले नए मॉडल के पोर्टफोलियो से भी मदद मिली है। पंच और नेक्सन बिक्री बढ़ाने में अहम रहे हैं जबकि कंपनी ने अल्ट्रोज और टियागो जैसे मॉडल और एसयूवी की अपनी श्रृंखला में नए मॉडल जोड़कर अपने पारंपरिक पोर्टफोलियो को बेहतर और बड़ा किया है। इलेक्ट्रिक श्रेणी में नेक्सन.ईवी और पंच.ईवी के अलावा कंपनी ने कर्व.ईवी और हैरियर.ईवी जैसे नए मॉडल के साथ अपना पोर्टफोलियो और बढ़ा किया है।
सिराज/ईएमएस 02सितंबर26


