गुवाहाटी । मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग की सिंगापुर में हुई मौत के मामले की सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत विस्वा सरमा ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने का फैसला लिया गया है, क्योंकि एसआईटी ने हमें भरोसा दिलाया है कि वे समय पर चार्जशीट दाखिल कर सकेंगे। एसआईटी ने इस मामले में बहुत सराहनीय प्रगति की है। उन्होंने केस की जांच और उनकी स्मृति में स्मारक बनाने को लेकर कई अहम फैसलों की घोषणा भी की। सरमा ने कहा, हमने एक शक्तिशाली समिति का गठन किया है, जो जुबिन गर्ग के समाधि स्थल के डिजाइन और ड्राइंग को मंजूरी देगी। इसमें उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग के साथ-साथ उनके परिवार और दोस्त शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, फास्ट-ट्रैक कोर्ट के साथ-साथ हमने असम के महाधिवक्ता की सिफारिश पर विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का फैसला किया है। हम सिंगापुर सरकार के भी आभारी हैं, जिन्होंने असम पुलिस दल को 21 अक्टूबर को सिंगापुर जाने की इजाजत दी। यह असम सरकार की लगातार मांग थी। उन्होंने आगे बताया, मैंने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की, जिन्होंने तुरंत सिंगापुर अधिकारियों से बात की और असम पुलिस दल को सिंगापुर जाने की अनुमति न मिलने पर मेरी चिंता जताई। डॉ. जयशंकर के हस्तक्षेप के कारण सिंगापुर ने असम पुलिस दल के दौरे को मंजूरी दे दी।
सीएम सरमा ने बक्सा जिला जेल के बाहर हुई हिंसा पर भी प्रतिक्रिया दी, जहां जुबीन गर्ग की मृत्यु के मामले में 5 आरोपियों को लाए जाने के बाद तनाव फैल गया था। मुख्यमंत्री ने कहा, हम आरोपियों को धुबरी या दीफू ले जा सकते थे, लेकिन इसमें पांच घंटे की यात्रा लगती। इसलिए पुलिस ने तुरंत फैसला लेते हुए बक्सा जेल को चुना, क्योंकि यहां आमतौर पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रहती है और लोग बहुत सहयोगी हैं। उन्होंने आगे कहा, मुझे लगता है कि यह मामला जस्टिस सौमित्र सैकिया की जांच समिति के पास जाएगा और पता चलेगा कि इसमें किसकी चूक थी।






