तीन राउंड गोलियां बरसा कर अपराधी फरार, एक गोली चालक को छूकर निकली, पुलिस ने खोखा किया बरामद
सरैयाहाट। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कोठिया-तालझारी मुख्य मार्ग पर मोरियार गांव के समीप सोमवार की रात बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में कार सवार नितेश पाठक बाल-बाल बच गए। हालांकि, एक गोली उन्हें छूकर निकल गई। वहीं, गोलीबारी में कार का शीशा और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र के धौनी गांव निवासी नितेश पाठक अपने गांव के ही पंकज मिश्रा के साथ रोजाना की तरह देवघर से कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोठिया से तालझारी जाने वाले मार्ग पर मोरियार गांव के समीप बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि अपराधियों ने करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली नितेश पाठक को छूकर निकल गई। अचानक हुई फायरिंग से घबराए नितेश ने कार रोककर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितेश को उपचार के लिए सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खाली खोखा भी बरामद किया है। बताया जाता है कि नितेश पाठक देवघर स्थित टाटा मोटर्स में ईडीपी के पद पर कार्यरत हैं और प्रतिदिन अपने घर से देवघर आना-जाना करते हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। खबर लिखे जाने तक पुलिस घटनास्थल पर जांच-पड़ताल में जुटी थी। वहीं, फायरिंग करने वाले अज्ञात अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा था।





