दुमका: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में रविवार की रात ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद से लापता निजी चालक अखिलेश कुमार पाल को सकुशल बरामद कर लिया गया है। अखिलेश, डीप बोरिंग का कार्य करने वाली कंपनी ‘सिनर्जी जिओ टैग’ के जीएम सागर सिंह मीणा के निजी चालक हैं।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात हुई झड़प के बाद से ही ग्रामीणों ने चालक को अपने कब्जे में ले रखा था। सोमवार शाम अंधेरा होने के बाद ग्रामीणों ने उसे घटनास्थल के समीप लाकर छोड़ दिया।
मारपीट की सूचना, मौके पर भेजी गई एंबुलेंस
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बंधक बनाए जाने के दौरान चालक के साथ मारपीट भी की गई है। घटनास्थल के पास उसके मिलने की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और उसे सुरक्षित लाने व चिकित्सीय जांच के लिए तत्काल एंबुलेंस रवाना कर दी गई है।
परिजनों और प्रशासन ने ली राहत की सांस
रविवार रात से ही अखिलेश के लापता होने के कारण उसके परिवार वाले बेहद चिंतित थे। दूसरी ओर, इस संवेदनशील मामले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की भी बेचैनी बढ़ी हुई थी और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी व प्रयास किए जा रहे थे। सोमवार शाम उसकी सकुशल बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजनों और प्रशासन दोनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, मारपीट की खबर सामने आने के बाद अब उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है।






