नई दिल्ली । सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी टेक महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस (एआई) को लेकर भारतीय आईटी सेवा उद्योग में व्याप्त आशंकाओं को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि एआई इस क्षेत्र की भूमिका को खत्म नहीं करेगा, बल्कि समय के साथ इसे और महत्वपूर्ण बनाएगा। युवाओं को एआई से घबराने के बजाय तालमेल बैठाने की सलाह दी गई है। टेक महिंद्रा की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में आनंद महिंद्रा ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में एआई रोजगार के कई नए अवसर पैदा करेगा और मौजूदा नौकरियों को बेहतर बनाएगा।
उन्होंने जोर दिया कि भारत केवल बाहर विकसित प्रौद्योगिकी का उपभोक्ता नहीं, बल्कि एआई के क्षेत्र में निर्माता और आकार देने वाला भी बनना होगा। परम सुपरकंप्यूटर का उदाहरण देते हुए उन्होंने स्वदेशी नवाचार और संप्रभु एआई के विकास में घरेलू क्षमता व आत्मनिर्भरता पर बल दिया। आईटी सेक्टर में सबसे अधिक डर और विस्तार को स्वीकारते हुए महिंद्रा ने कहा कि सबसे ज्यादा अवसर भी यहीं पैदा होंगे। उन्होंने युवाओं को एआई से घबराने के बजाय तालमेल बिठाकर इन मौकों का लाभ उठाने की सलाह दी, जो भविष्य में सफलता की कुंजी होगी।


