नई दिल्ली । डिजिटल अरेस्ट के जरिए की गई एक बड़ी धोखाधड़ी को उजागर करती है, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेज का भी इस्तेमाल हुआ है। घटना में महाराष्ट्र के पुणे में रहने वाली एक रिटायर्ड एलआईसी महिला कर्मचारी है। इस ठगी में महिला को 99 लाख रुपये की चपत लगी है। महिला को डेटा प्रोटेक्शन एजेंसी के अधिकारी का फोन आया, जिसने आरोप लगाया कि उनके आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर का इस्तेमाल संदिग्ध लेन-देन के लिए हो रहा है। इसके बाद वीडियो कॉल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (जॉर्ज मैथ्यू नाम बताया) से बात कराई गई।

आरोपी ने महिला पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया और बैंक खाते फ्रीज करने की धमकी दी। जालसाजों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के फर्जी हस्ताक्षर वाला एक दस्तावेज़ दिखाया। विश्वास जीतने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की फर्जी रसीद भी दिखाई। महिला को उनकी उम्र का हवाला देकर डिजिटल अरेस्ट में रखने की बात कही गई और यह विश्वास दिलाया गया कि उन्हें पूरा पैसा आरबीआई के खाते में डालना होगा। पैसे ट्रांसफर करने के बाद जब महिला ने जालसाजों से संपर्क करने की कोशिश की, तब उनके फोन बंद मिले, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस ने इसे वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के दस्तखत दिखाकर धोखाधड़ी करने का एक चिंताजनक मामला बताया है।





