वेलिंगटन । भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय में केवल 7 रन बनाने के बाद भी एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। कोहली इसी के साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने अपने इस रिकार्ड के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा।
कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय के 38 मैचों में 56.51 के औसत से 1978 रन बनाए हैं, जिसमें 7 सात शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में साल 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला एकदिवसीस मुकाबला खेला था। वहीं पोंटिंग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 एकदिवसीय मैचों में 45.83 के औसत से 1971 रन बनाये हैं। उन्होंने इस दौरान 6 शतक और 12 अर्धशतक लगाये हैं। कोहली ने वेलिंगटन में एक रन बनाते ही पोंटिंग को पीछे छोड़ा। उन्होंने ऑकलैंड में हुए पहले एकदिवसीय में 74 रन की पारी खेलकर पोंटिंग की बारबरी की थी। एकदिवीसय में कीवी के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 42 मैचों में 1750 रन जोड़े, जिसमें 46.05 का औसत रहा।




