बासुकीनाथ में देवोत्थान एकादशी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
—
देवोत्थान एकादशी पर 50 हजार भक्तों ने की पूजा अर्चना
—
बासुकीनाथ में देव प्रबोधिनी एकादशी पर धार्मिक अनुष्ठान की धूम
—
देवोत्थान एकादशी से शुरू हुए शुभलग्न व शुभ कार्य
जरमुंडी । बाबा बासुकीनाथ के फौजदारी दरबार में मंगलवार को देवप्रबोधिनी एकादशी पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। देव उठनी एकादशी के अवसर पर बासुकीनाथ मंदिर में भक्तों ने कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए । देव उठनी एकादशी पर श्रद्धालुओं ने व्रत उपवास कर विधिविधान से भगवान को योगनिद्रा से जगाया। देवोत्थान एकादशी के शुभ अवसर पर मंगलवार को देश के विभिन्न स्थानों से करीब 50 हजार से अधिक भक्तों ने बासुकीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना किया। बासुकीनाथ मंदिर के सुधाकर झा, हेमकांत गिरि व अन्य पंडा पुरोहित ने बताया कि कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवप्रबोधिनी अथवा देवोत्थान कहा जाता है। यह वर्ष की सबसे बड़ी एकादशी होती है। क्योंकि इस दिन चातुर्मास का समापन होता है और भगवान विष्णु चार महीने के योगनिद्रा के बाद पुनः संसार के पालन हेतु कार्यभार संभालते हैं। आषाढ़ शुक्ल पक्ष के देवशयनी एकादशी पर भगवान योगनिद्रा में जाते हैं और कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन जाग उठते हैं। इसीलिए इसे देवोत्थान एकादशी कहा जाता है। भगवान विष्णु के शयनकाल के चार मास में विवाह आदि मांगलिक कार्य नहीं किये जाते। इसीलिए देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद सभी शुभ मांगलिक कार्य शुरू होते हैं। इस दिन तुलसी विवाह का भी किया जाता है। देवोत्थान एकादशी पर बासुकीनाथ मंदिर परिसर स्थित झूलन मंदिर में पुजारी दिवाकर झा, राजेश झा सारंग द्वारा भगवान को विधिवत जगाया गया। भगवान को उठाने के लिए ब्राह्मणों ने सामुहिक रूप से वेदमंत्रों का पाठ कर कहा
‘उत्तिष्ठ उतिष्ठ गोविन्द, त्यज निद्रां जगत्पतये।
त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥’
‘उत्थिते चेष्टते सर्वमुत्तिष्ठोत्तिष्ठ माधव।
गतामेघा वियच्चैव निर्मलं निर्मलादिशः॥’
‘शारदानि च पुष्पाणि गृहाण मम केशव।’
——————-




