संताल एक्सप्रेस
पाकुड़ । मंडल कारा में एक विचाराधीन महिला कैदी की आत्महत्या का सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है। जिससे प्रशासनिक हलके में हड़कंप है।मृतक महिला कैदी की पहचान नगर थाना अंतर्गत कोलाजोड़ा निवासी संझली हेंब्रम के रूप में हुई है । जो विचाराधीन कैदी के रूप में मंडल कारा में बंद थी। इन पर अपने पति झंडू हांसदा के हत्या का आरोप था। इस संबंध में नगर थाना में 17 फरवरी 2026 को कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंडल कारा स्थित बाथरूम में संझली हेंब्रम के आत्महत्या करने की सूचना जेल प्रशासन को मिली । जेल प्रशासन ने अचेत अवस्था में इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुद्धिजीवियों की माने यह कहीं ना कहीं पूरी तरह से लापरवाही का मामला लगता है। इसकी जांच होनी चाहिए।
सूचना मिलते ही डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी अधिकारियों की टीम के साथ मंडल कारा पहुंच कर स्थल का जायजा लिया व तत्कालीन पहलुओं पर आवश्यक जानकारी ली। मंडल कारा में मौजूद कर्मियों से गहन पूछताछ की। डीसी ने बताया कि एक महिला कैदी ने मंडल कारा के बाथरूम में आत्महत्या की है और मामले की जांच की जा रही है।
सदर अस्पताल डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया है। एसपी निधि द्विवेदी ने भी आत्महत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी प्रथम दृष्टि में कारणों का पता नहीं चला है । जांच पूरी होने पर अभी कुछ भी बताना जल्दबाजी होगी। जल्द ही इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।


