युवकों के पास से बंगाल नंबर की बाइक बरामद
जरमुंडी । जरमुंडी एसबीआई बैंक के सामने सोमवार की दोपहर दो संदिग्ध युवकों को जरमुंडी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के सहयोग से धर दबोचा गया। यह घटना सोमवार की दोपहर करीब सवा बारह बजे की है। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24परगना से चार युवक अलग अलग बाइकों में यहां पहुंचे थे। चारों युवक को एसबीआइ के सामने रैकी करते हुए संदिग्ध हालत में पाया गया। जरमुंडी पुलिस निरीक्षक श्यामानंद मंडल ने मौके पर पहुंचकर चारों युवकों से जब पुछताछ की तो उन्होंने सही उत्तर नहीं दिया। इस बीच लोगों की भीड़ जमा होने से दो युवक मौके का फायदा उठाकर पुलिस के सामने से काले रंग की पल्सर बाइक से देवघर की ओर भागने में सफल रहे। जबकि ग्लैमर डब्लूबी24ए/टी1933 में सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। यहां बता दें कि पकड़े गए दोनों युवकों को जरमुंडी एसबीआई बैंक से थाना लाने के दौरान उन्होंने खूब हंगामा बरपाया। संदिग्ध युवक सड़क पर लोटने लगे और खूब तमाशा किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पुलिस द्वारा थाना लाया गया। जरमुंडी थाना में पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुछताछ में पकड़ा गया संदिग्ध युवक आशीष कुमार ने बताया है कि वह हमेशा बीमार रहता है और बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने देवघर जा रहे था। इससे पहले उसने यह भी बताया कि बैंक में दो हजार रुपये जमा कराने के लिए यहां रूका था। भागे हुए दोनों युवक के बारे में जब पूछा गया तो बताया कि फरार युवक साथ थे, लेकिन कहां गये कुछ बता नहीं सकते। पुलिस द्वारा मामले को बैंक लुटेरे या साइबर क्राइम से जोड़कर देखा जा रहा है।
——


