जामताड़ा । करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हलचल मच गई. सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना के एसआइ कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार, विवाहिता का पति रांची में रहकर काम करता है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर थे।
घटना के समय घर में मृतका की जेठानी मौजूद थी. विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


