पलामू । पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। रविवार सुबह इसी थाना क्षेत्र में पानी टंकी से एक युवक का शव बरामद हुआ। दोनों हादसों में छह लोग जख्मी हो गए। पहली घटना रात करीब 11 बजे शाहपुर रोड में टीवीएस शोरूम के समीप हुई, जहां चैनपुर थाना में पदस्थापित पुलिस जवान हकीम अंसारी की बाइक और प्रज्ञा केंद्र संचालक की बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में चैनपुर टेंपू स्टैंड में प्रज्ञा केंद्र चलाने वाले 32 वर्षीय सोनू कुमार, पिता प्रेमचंद प्रसाद की मौत हो गई। पुलिस जवान हकीम अंसारी भी घायल हुए हैं। उनका इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। जबकि सोनू के साथ बाइक पर बैठे चैनपुर के पंकज कुमार ( 38), पिता प्रदीप प्रसाद जख्मी हो गए। बताया गया कि सोनू कुमार बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पुलिस जवान हकीम अंसारी की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं इससे पहले रात करीब पौने नौ बजे रानीताल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। एक बाइक पर चार लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक था।
हादसे में रामगढ़ थाना क्षेत्र के बालचौरा निवासी 18 वर्षीय सुजीत कुमार, पिता शंकर भुइयां की मौत हो गई। आनंद कुमार (20), राजेश साव (20) और दिलीप कुमार साव (16), सभी बाघी निवासी, घायल हुए हैं। दूसरी बाइक पर सवार कंकारी निवासी 18 वर्षीय रूपेश कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने रविवार सुबह 8 बजे बताया कि दोनों घटनाओं में बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई है। पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है।
इधर, चैनपुर थाना क्षेत्र के अकड़ाही रोड स्थित शुभ मम प्लांट के समीप रविवार को एक टंकी से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चैनपुर निवासी 25 वर्षीय सोनू राम के रूप में बताई जा रही है।
सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।


