पंजाब से बिहार जा रही थी खेप, उड़ीसा नंबर के ट्रक में छिपाकर हो रही थी सप्लाई, चालक फरार, महाराष्ट्र का सह चालक गिरफ्तार
सरैयाहाट । दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र से होकर बिहार में हो रही शराब तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। सोमवार देर रात नेशनल हाईवे-133 पर जमुनिया के पास विदेशी शराब से लदा एक ट्रक पलटने के बाद जो नजारा सामने आया, उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। जानकारी के अनुसार, पंजाब से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही विदेशी शराब से भरा ट्रक (संख्या ओडी 11 एल 8496) पुलिस गश्ती वाहन को देखते ही तेज रफ्तार से भागने लगा। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और जमुनिया के समीप ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें लोड शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं, जिससे पूरा इलाका शराब की पेटियों से पट गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सरैयाहाट थाना पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल कई ट्रैक्टरों और मजदूरों को बुलाया और बिखरी शराब की बोतलों को एकत्रित कर थाना पहुंचाया। बताया जा रहा है कि जब्त शराब की मात्रा इतनी अधिक है कि उसे ढोने में घंटों का समय लगा।
हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि सह चालक समरेश सिंह (35), निवासी नंदेल, महाराष्ट्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के लिए ट्रक के ऊपर आटा और डिटर्जेंट पाउडर की बोरियां रखी थीं, ताकि किसी को शक न हो। प्रारंभिक जांच में यह मामला कई राज्यों से जुड़े संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं, जब्त शराब की सटीक मात्रा और कीमत का आकलन भी किया जा रहा है, जिससे इस बड़े सिंडिकेट के आर्थिक दायरे का अंदाजा लगाया जा सके।


