संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र के पाडेरकोला पंचायत अंतर्गत अम्बाजोड़ा गांव के जेटकेटोला के समीप बुधवार देर रात एक बालू लदे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को धक्का मार दिया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी। घटना में एक बच्चा सहित तीन लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ही बाइक पर अम्बाजोड़ा निवासी आरनेश हांसदा(45), निपु हांसदा(22), सुनीता मरांडी(36) और एक तीन साल का छोटा बच्चा मोटरसाइकिल पर सवार होकर पाडेरकोला साप्ताहिक हाट से अपने गांव अम्बाजोड़ा जा रहा था। वहीं विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक बालू लोड ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार धक्का मार दिया। जिससे मोटरसाइकिल सवार सभी व्यक्ति जमीन पर गिर पड़े और दुर्घटना में घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं दुर्घटना के बाद ईलाज के लिए सीएचसी ला लाए जा रहे आरनेश हांसदा की रास्ते में ही मौत हो गयी। साथ ही बाकी घायलों का प्राथमिक ईलाज कर बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर मामले की जानकारी की। खबर भेजे जाने तक आगे की कार्रवाई जारी थी।



